स्मार्ट मीटर की इन सुविधाओं को जानकर आप भी हो जाएंगे जबरा फैन, कहेंगे हमारे भी जल्दी लगा दो

बात हम बिहार की करें तो बिहार विद्युत विनियामक आयोग की तरफ से स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं की बिजली सामान्य मीटर उपभोक्ताओं की तुलना में प्रति यूनिट 25 पैसे सस्ती कर दी गई है। जैसे कि ग्रामीण बिजली उपभोक्ताओं की बिजली दर सब्सिडी के बाद 2.45 रुपये प्रति यूनिट है। यदि आप स्मार्ट प्रीपेड मीटर लगवाते हैं तो आपकी बिजली दरें 25 पैसे सस्ती होकर 2.20 रुपये प्रति यूनिट हो जाएगी।

स्मार्ट प्रीपेड मीटर में हर रिचार्ज पर बिजली उपभोक्ताओं को 3 प्रतिशत अतिरिक्त राशि मिलती है। इससे 1 प्रतिशत ऑनलाइन रिचार्ज के लिए और 2 प्रतिशत राशि आपको स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ता होने की वजह से मिलती है। अर्थात आपने 100 रुपये का रिचार्ज किया तो आपको 103 रुपये का बैलेंस मिलेगा। यह राशि आपको महीने के अंत में बनने वाले बिल के साथ स्पष्ट रूप से दिखेगी।

यह शायद पहली बार है, जब बिजली विभाग आपको ब्याज दे रहा है, वह भी बैंकों से ज्यादा दर पर। यदि आप स्मार्ट प्रीपेड मीटर में हमेशा 2000 हजार या इससे ज्यादा राशि जमा रखते हैं और यह राशि लगातार तीन महीने तक इसे बनाए रखते हैं तो आपको 6.75 प्रतिशत, तीन से 6 महीने पर 7 प्रतिशत और 6 महीने से ज्यादा समय तक दो हजार रुपये या उससे अधिक बैलेंस बनाए रखने पर 7.25 प्रतिशत की दर से ब्जाज दिया जाएगा।

स्मार्ट प्रीपेड मीटर से उपभोक्ताओं को बिजली खपत की जानकारी रियल टाइम पर मिलती है। जिससे आफ अपनी बिजली खपत पर नजर रख सकते हैं और ऊर्जा की बचत कर सकते हैं। इसके अलावा यह बिजली चोरी को रोकने में सहायक है और बिजली बिल की रीडिंग होने में गलती की संभावना भी कम हो जाती है। उपभोक्ताओं को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपनी खपत पर नजर रखने की सुविधा मिलती है, साथ ही बिजली कटौती की जानकारी भी पहले से मिल जाती है। इसके साथ ही स्मार्ट मीटर में लोड मैनेजमेंट की सुविधा भी है, जो अधिक बिजली खपत होने पर उपभोक्ताओं को अलर्ट कर देती है।

स्मार्ट मीटर लगाने से पहले उपभोक्ताओं को किस्तों में बकाया बिजली बिल का भुगतान करने की सुविधा दी जा रही है, जिससे उन्हें एकमुश्त भुगतान की आर्थिक परेशानी से मुक्ति मिल रही है। साथ ही पूर्व के बकाये पर लगाने वाले चक्रवृद्धि ब्याज रूक जाता है और स्मार्ट मीटर लगने वाले दिन तक रहे कुल बकाया राशि का ही आपको भुगतान करना है। यह बकाया राशि आपके मासिक बिजली बिल के 25 प्रतिशत हिस्से के आधार पर ली जाएगी।

यदि किसी कारणवश बिजली चली जाती है, तो उपभोक्ता मीटर में लगे पुश बटन से 72 घंटे के लिए बिजली चालू कर सकते हैं। यह पुश आपको 30 सेकंड तक दबा कर रखना होता है। इससे बिजली सेवा बहाल हो जाती है। यह सुविधा महीने में एक बार है।