केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी देने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी समस्तीपुर साइबर थाना की टीम ने तेघड़ा, बेगूसराय से की गई है। आरोपी का नाम मो. मेराज है। उसकी उम्र करीब 21 साल है। वह समस्तीपुर के भीरहा वार्ड-07 का रहने वाला है। यह मामला 11 जुलाई को सामने आया था। उसी दिन पटना साइबर थाना में एफआईआर संख्या 1592/2025 दर्ज की गई थी। इसके बाद लोजपा (रामविलास) के समस्तीपुर जिला अध्यक्ष अनुपम कुमार सिंह ने समस्तीपुर साइबर थाना में भी आवेदन दिया।
चूंकि पटना में पहले से मामला दर्ज था, इसलिए समस्तीपुर में सनहा संख्या 240/2025 दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी जांच के दौरान सोशल मीडिया पेट्रोलिंग में साहिल शफिक नाम के यूजर का एक कमेंट मिला। उसमें लिखा था कि धमकी देने वाला युवक मानसिक रूप से बीमार है। जांच में साहिल की पहचान एमडी शफिक के रूप में हुई। वह समस्तीपुर के वार्ड-08, बरह बट्टा का रहने वाला है। शफिक से पूछताछ में आरोपी की पहचान मो. मेराज के रूप में हुई।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक समस्तीपुर के निर्देश पर साइबर क्राइम डीएसपी दुर्गेश दीपक के नेतृत्व में टीम ने मेराज को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक रियलमी नार्जो 30 ए मोबाइल बरामद हुआ। इसमें एयरटेल का सिम और मोबाइल नंबर 9065718305 लगा मिला। मोबाइल में धमकी देने में इस्तेमाल किया गया इंस्टाग्राम आईडी tiger_meraj_idrisi लॉगिन पाया गया। इसी आईडी से Dakshapriya नामक इंस्टाग्राम अकाउंट पर धमकी भरा कमेंट किया गया था। आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए पटना साइबर थाना को सौंपा गया है। छापेमारी टीम में डीएसपी दुर्गेश दीपक के साथ पुलिस निरीक्षक मनीष कुमार, सब इंस्पेक्टर अनिशा सिंह, राहुल कुमार, सूरज कुमार और सशस्त्र बल के जवान गुलाम नबी, लालू कुमार, संदीप कुमार और कुंदन कुमार शामिल थे।
समस्तीपुर से रामरूप राय की रिपोर्ट

