बिहार के चुनावी माहौल में चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज का दामन थाम लिया। पटना के बापु सभागार में जनसुराज की सदस्यता ली। जनसूराज में शामिल होने के पहले यूट्यूबर मनीष कश्यप भाजपा के सदस्य थे विगत दिनों पहले ही मनीष कश्यप ने भाजपा से इस्तीफा दिया था। मनीष जनसुराज से चनपटिया विधानसभा से उम्मीदवार हो सकते है।
पीके ने किया मनीष का स्वागत कहा – सिर्फ यूट्यूबर नहीं हैं
जन सुराज पार्टी के संरक्षक प्रशांत किशोर ने मनीष कश्यप का स्वागत करते हुए कहा, “मनीष कश्यप कोई नेता या सिर्फ यूट्यूबर नहीं हैं, वे बिहार में व्यवस्था परिवर्तन में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं। वे हमेशा बिहार के उन लोगों के साथ खड़े रहे हैं जिनके साथ अन्याय हुआ है। उनका उद्देश्य समाज को कुछ देना है, न कि उसे नोचना। उनका जुड़ाव इस बात का संकेत है कि अब राजनीति में ईमानदारी और व्यवस्था परिवर्तन की बात ज़मीन पर असर कर रही है।” जन सुराज की व्यवस्था परिवर्तन के अभियान को आज एक नई ऊर्जा मिली जब चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप औपचारिक रूप से जन सुराज परिवार में शामिल हो गए। मनीष कश्यप की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से जन सरोकार के विषयों को उठाने वाले की रही है।
जनसुराज से जुड़कर जनसेवा करने का है लक्ष्य – मनीष कश्यप ( चर्चित यूट्यूबर )
यूट्यूबर मनीष कश्यप जनसुराज दल में शामिल होने के बाद कहा की “बिहार में वास्तविक बदलाव लाने के लिए केवल सवाल पूछना ही नहीं, बल्कि खुद जवाब बनने की ज़रूरत है। इसी सोच के साथ मैं जन सुराज से जुड़ रहा हूं।” उन्होंने आगे कहा, “प्रशांत किशोर जी ने बिना जाति-धर्म के चश्मे से समाज को देखने की जो पहल की है और व्यवस्था परिवर्तन की बात को जन-जन तक पहुंचाया है, उनके साथ जुड़कर मैं स्वयं को जनसेवा के लिए समर्पित करना चाहता हूं।”
चनपटिया विधानसभा मनीष कश्यप लड़ सकते है चुनाव
बता दें की मनीष कश्यप जनसुराज पार्टी के चनपटिया विधानसभा से 2025 विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार हो सकते है हालांकि इसकी अभी घोषणा नहीं की गयी है पर राजनीतिक गलियारों में मनीष कश्यप की उम्मीदवारी कों लेकर चर्चा तेज है।
जनसुराज के वरिष्ठ नेता रहे उपस्थित
इस मौके पर जन सुराज के वरिष्ठ अधिवक्ता वाई. बी. गिरी, पूर्व राजदूत मनोज भारती, पूर्व विधायक किशोर कुमार, एमएलसी अफाक़ अहमद, महासचिव सरवर अली और युवा अध्यक्ष प्रोफेसर शांतनु उपस्थित थे।

