पटना: बिहार की राजनीति में दलित नेतृत्व को लेकर एक बार फिर बहस तेज हो गई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख जीतनराम मांझी के बीच राजनीतिक शैली को लेकर तुलना की जा रही है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चिराग पासवान ने वर्ष 2020 के बाद खुद को केवल दलित नेता तक सीमित नहीं रखा, बल्कि एक व्यापक जननेता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। उनकी लोकप्रियता प्रधानमंत्री से लेकर आम जनता तक देखी जा रही है।
वहीं, दूसरी ओर जीतनराम मांझी पर अक्सर बयानबाज़ी की राजनीति करने के आरोप लगते रहे हैं। आलोचकों का कहना है कि बार-बार निजी और राजनीतिक मुद्दों पर दिए गए उनके बयान उनकी छवि को सीमित दायरे में बांधते हैं।
आज ही चिराग पासवान द्वारा भरत तिवारी के घर जाकर मुलाकात करने का मामला भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि इस दौरे से पहले उन्होंने देश के गृहमंत्री को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी थी। मौके पर उन्होंने किसी तरह का आश्वासन देने के बजाय सख्त कार्रवाई की बात कही, जिसे उनके समर्थक एक मजबूत नेतृत्व का संकेत मान रहे हैं।
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि चिराग पासवान ने अपने राजनीतिक करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। पार्टी में टूट, सरकारी आवास खाली कराने जैसी परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी राजनीतिक सक्रियता बनाए रखी और अपने रुख पर कायम रहे।
इसके विपरीत, जीतनराम मांझी को लेकर यह धारणा बनी है कि वे छोटी राजनीतिक परिस्थितियों में भी तुरंत प्रतिक्रिया देते हैं, जिससे उनकी स्थिरता पर सवाल उठते हैं।
बिहार की राजनीति में इन दोनों नेताओं की कार्यशैली को लेकर बहस जारी है। जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में यह अंतर और स्पष्ट हो सकता है।

