बिहार में फिर हिला भरोसा! विक्रमशिला सेतु का हिस्सा गिरा, लाखों लोगों की आवाजाही पर असर


भागलपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां गंगा नदी पर बना अहम विक्रमशिला सेतु एक बार फिर संकट में आ गया है। रविवार देर रात करीब 12:50 बजे पुल के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, (बताया जा रहा है कि करीब पिलर 133 के आसपास) के बीच सड़क का एक बड़ा स्लैब अचानक टूटकर गंगा नदी में गिर गया। घटना के बाद पुल का यह हिस्सा पूरी तरह असुरक्षित हो गया और उत्तर व दक्षिण बिहार के बीच सीधा संपर्क तत्काल प्रभाव से बाधित हो गया।

गनीमत यह रही कि मौके पर तैनात पुलिस और प्रशासन की सतर्कता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के समय पुल पर कई वाहन मौजूद थे, लेकिन समय रहते सभी को सुरक्षित स्थान पर हटा लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और एहतियात के तौर पर पुल पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया। दोनों छोर पर बैरिकेडिंग कर दी गई है और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

वहीं, एसएसपी प्रमोद यादव ने बताया कि सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जा रहा है। अब भागलपुर से नवगछिया और सीमांचल जाने वाले यात्रियों को मुंगेर और सुल्तानगंज के रास्ते होकर जाना होगा।

विक्रमशिला सेतु उत्तर और दक्षिण बिहार को जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके प्रभावित होने से आम जनजीवन और व्यापारिक गतिविधियों पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। फिलहाल प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।