समस्तीपुर। बिहार के समस्तीपुर जिले से एक युवती के साथ कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। करीब 58 सेकंड का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र में जगत सिंह बांध के पास का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में सड़क पर रोककर अभद्र व्यवहार का आरोप
वायरल वीडियो में कुछ युवक सड़क से गुजर रही अकेली युवती को रोकते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवती के साथ कथित तौर पर अशोभनीय व्यवहार, गाली-गलौज और छेड़खानी किए जाने की तस्वीरें नजर आ रही हैं। घटना दिनदहाड़े सड़क पर होने की बात सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर भी इसकी चर्चा तेज हो गई है।
वीडियो के आधार पर पुलिस की कार्रवाई
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर चार युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। पुलिस अब वीडियो की सत्यता के साथ-साथ घटना की पूरी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
पीड़िता की पहचान की कोशिश जारी
समस्तीपुर के पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह के अनुसार, वीडियो की जानकारी मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में नजर आ रही युवती की पहचान अभी नहीं हो सकी है। उसकी पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।
पुलिस बोली- दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि मामले में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो की सत्यता, घटना के समय और पूरे मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच में जुटी है।
समस्तीपुर से रामरूप राय की रिपोर्ट
