सावधान! 24 घंटे भारी पड़ सकते हैं, जरूरी हो तभी घर से निकलें!

नई दिल्ली/पटना। देशभर में भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है, लेकिन इसके साथ ही मौसम का बड़ा खतरा भी सामने आ गया है। मौसम विभाग ने लोगों को अगले 24 घंटे बेहद सतर्क रहने की सलाह दी है। अगर बहुत जरूरी काम नहीं हो तो घर से बाहर निकलने और लंबी दूरी की यात्रा करने से बचने की अपील की गई है।

मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के भीतर देश के 16 राज्यों में बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज बारिश के बाद तापमान में 2 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। हालांकि राहत के साथ तेज हवाएं और तूफान भी लोगों की परेशानी बढ़ा सकते हैं।

बिहार में मौसम विभाग ने आंधी, तूफान और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में पेड़ गिरने, बिजली बाधित होने और सड़क हादसों का खतरा बढ़ सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि 30 और 31 मई को बिहार के कई जिलों में तेज बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 1 और 2 जून को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। हालांकि 2 जून के बाद एक बार फिर तापमान बढ़ने और गर्मी लौटने का अनुमान जताया गया है।

प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें।