गया। बिहार के गया जिले से इस वक्त बड़ी खबर सामने आ रही है। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सह केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के परिवार पर कथित तौर पर हमला किया गया है। आरोप है कि हमलावरों ने मांझी के रिश्तेदार के घर पर जमकर पथराव और मारपीट की, जिसमें दो लड़कियां घायल हो गईं। दोनों का इलाज मानपुर स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
मामला गया जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बारा गंधार गांव का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी के रिश्तेदार सेंध मांझी के घर पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि सेंध मांझी नौकरी के सिलसिले में पटना में रहते हैं, जबकि गांव स्थित घर में उनकी दो बेटियां और एक बेटा रहते हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार बीते रविवार को बच्चों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ था। आरोप है कि इसी विवाद के बाद कुछ लोगों ने घर पर हमला कर दिया और पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान मारपीट भी हुई, जिसमें दो लड़कियां घायल हो गईं।
बताया जा रहा है कि मांझी परिवार से जुड़े लोगों पर इससे पहले भी कई बार हमले और विवाद की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की सभा में पत्थर फेंके जाने का मामला चर्चा में रहा था। वहीं विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान बाराचट्टी विधायक ज्योति देवी पर भी हमला हुआ था। इसके अलावा विधायक ज्योति देवी के काफिले को रोककर दुर्व्यवहार किए जाने की घटना भी सामने आ चुकी है।
फिलहाल इस मामले में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं स्थानीय पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। हालांकि खबर लिखे जाने तक जिला प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

