पटना, संवाददाता। राजधानी के मुसल्लहपुर हाट इलाके में दो कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद और हिंसक झड़प के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर सवाल उठने लगे हैं। मामले में एक पक्ष के शिक्षक रौशन यादव की गिरफ्तारी जहां त्वरित गति से हुई, वहीं दूसरे पक्ष से जुड़े फैजल खान उर्फ खान सर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर चर्चा तेज है।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद पुलिस ने ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक एवं शिक्षक रौशन यादव को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी ओर, मामले में नामजद किए गए खान सर के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई, लेकिन उनकी गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। इसी को लेकर सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय स्तर तक विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, पुलिस की ओर से आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। हालांकि, अब तक गिरफ्तारी नहीं होने से कई लोग पुलिस की कार्रवाई की निष्पक्षता पर सवाल उठा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि दोनों पक्षों के प्रति पुलिस का रवैया अलग-अलग दिखाई दे रहा है।
इधर, बीते शाम खान सर के कोचिंग संस्थान के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी। बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई। क्षेत्र में यह चर्चा रही कि पुलिस आगे कोई बड़ी कार्रवाई कर सकती है या फिर संबंधित पक्ष न्यायालय अथवा पुलिस के समक्ष उपस्थित हो सकता है। हालांकि देर रात तक ऐसी कोई कार्रवाई सामने नहीं आई।
पूरे घटनाक्रम के बीच यह मामला अब केवल दो कोचिंग संस्थानों के विवाद तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पुलिस की कार्रवाई और उसकी गति को लेकर भी बहस का विषय बन गया है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों की ओर से इस संबंध में आधिकारिक रूप से यही कहा जा रहा है कि मामले की जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

