पटना के पुनपुन थाना क्षेत्र में मोबाइल और पर्स छिनतई का मामला सामने आया है। पीड़ित अभिषेक कुमार ने थाने में आवेदन देकर बताया है कि वह हर दिन की तरह अपने घर सिपारा से दुकान के लिए फजलचक जा रहे थे। इसी बीच पुनपुन के अजेय चौक के पास पहुंचते ही पीछे से बाइक पर आए दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोककर मोबाइल और पर्स छीन लिया और मौके से फरार हो गए।
दिनदहाड़े इस तरह की लूट की घटना से इलाके में भय का माहौल है। पीड़ित के मुताबिक उसके पर्स में नकद राशि, वाहन संबंधी दस्तावेज और आधार कार्ड समेत अन्य जरूरी सामान थे। उन्होंने पुलिस को मोबाइल नंबर, IMEI नंबर और मोटरसाइकिल से संबंधित पूरी जानकारी आवेदन के साथ दी है।
पीड़ित के परिजनों के अनुसार, इन्हीं दोनों बदमाशों ने जहानाबाद के रहने वाले एक अन्य यात्री के साथ भी लूटपाट की है। बताया जा रहा है कि उसका भी मोबाइल और पर्स छीन लिया गया।
घटना को लेकर पुनपुन थाने में आवेदन देकर बदमाशों के खिलाफ जांच और उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। हालांकि, थाना की ओर से प्राथमिकी दर्ज की गई है या नहीं, इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। पीड़ित पक्ष के अनुसार पुलिस ने दो दिन बाद उन्हें थाने बुलाया है।
लगातार इस तरह की घटनाओं से पुनपुन इलाके में बाइकर्स गैंग को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है। अब देखना होगा कि पुलिस इन बदमाशों तक कब पहुंचती है और लूट की घटनाओं पर कब लगाम लगती है।
