रिपोर्ट: गया जी
गया-पटना रेलखंड के बेला और चाकन्द स्टेशन के बीच स्थित बेलागंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर शाम एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर घटना सामने आई है। पीड़िता जहानाबाद जिले की निवासी बताई जा रही है, जो ट्रेन से अपने ननिहाल, बेलागंज के किसी बाजार आ रही थी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्रा के दौरान कुछ अज्ञात युवकों ने ट्रेन की चैन पुलिंग कर उसे जबरन रुकवाया और युवती को जबरदस्ती नीचे उतार लिया। इसके बाद उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया। घटना को अंधेरे और एकांत का लाभ उठाकर अंजाम दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। बेलागंज थाना अध्यक्ष मनोज कुमार पांडे अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और संदेह के आधार पर लगभग 10 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई है।
शनिवार को पीड़िता के आवेदन के आधार पर बेलागंज थाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस द्वारा पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है तथा साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
विधि-व्यवस्था डीएसपी रवि प्रकाश सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि संदिग्धों से पूछताछ जारी है और दोषियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

