गया (बिहार): बिहार के धार्मिक नगर गयाजी में पांच दरिंदों ने एक लड़की की इज्जत मिट्टी में मिला दी। उनकी गुस्ताखी इतनी भयानक थी कि वे उसे ट्रेन से उतारकर पीड़ित को खेत में ले गए और वहां उसके साथ यह अपराध किया। इस दुस्साहस ने सरकार की छवि पर सवाल खड़े कर दिए। गया पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना पुलिस हरकत में आ गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया। टीम में बेलागंज और चाकंद थाने के पुलिस पदाधिकारियों के साथ तकनीकी शाखा के कर्मियों को शामिल किया गया।
पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम (FSL) की मदद से साक्ष्य जुटाए। तकनीकी जांच, मोबाइल लोकेशन और गुप्त सूचना के आधार पर पांचों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं।
इस संबंध में बेलागंज थाना कांड संख्या 260/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सिटी एसपी कोटा किरण ने बताया कि घटना में शामिल सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- अंकित कुमार (गांव: अक्ल बिगहा)
- राहुल कुमार (गांव: कोरमा काली स्थान)
- अभिषेक कुमार (गांव: बेलागंज)
- अमरेंद्र कुमार (गांव: हरिगांव)
- उपेंद्र कुमार उर्फ भूटा (निवासी: जहानाबाद)
पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शीघ्र आरोप पत्र दाखिल कर दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। साथ ही, महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए आम नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई है।

