डीएवी खगौल कैंट के छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में लहराया परचम, स्कूल में खुशी का माहौल

पटना। DAV Khagaul Cantt के छात्रों ने बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद स्कूल परिसर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक एवं विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को बधाई दी।

विद्यालय की छात्रा संचिता पांडेय ने 97.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं बिपाशा ने 94 प्रतिशत, कवीश चौखानी ने 93.4 प्रतिशत तथा विज्ञान संकाय की छात्रा अनन्या उत्कर्षिणी ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा कई अन्य छात्रों ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल का मान बढ़ाया है।

विद्यालय के आरओ-सह-प्राचार्य एसके झा ने सभी सफल विद्यार्थियों को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ-साथ अभिभावकों और शिक्षकों के निरंतर प्रयासों की भी सराहना की।

अकाउंट्स शिक्षक अभिषेक द्विवेदी ने वाणिज्य संकाय के छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए विशेष रूप से बधाई दी और सभी सफल छात्रों के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर प्रगति की कामना की।