जनशक्ति जनता दल में इन दिनों संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फेरबदल देखने को मिल रहा है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने अपने पूर्व निजी सचिव और भरोसेमंद सहयोगी रहे मिसाल कुमार सिन्हा को अहम जिम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी के साथ-साथ दोबारा अपना निजी सहायक नियुक्त किया है। इस संबंध में जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि पार्टी के मीडिया प्रबंधन और प्रचार-प्रसार को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है।
वहीं, दूसरी ओर तेज प्रताप यादव के हालिया निजी सहायक मोतीलाल पर चोरी के आरोप लगे हैं और वे फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तेज प्रताप यादव ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मोतीलाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
मिसाल सिन्हा पहले भी तेज प्रताप यादव के साथ काम कर चुके हैं और संगठन में उनकी पकड़ मजबूत मानी जाती है। वे पटना के चर्चित पत्रकार भी रह चुके हैं और कई मीडिया संस्थानों में काम करने का अनुभव रखते हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि उनके मीडिया अनुभव का सीधा फायदा पार्टी और तेज प्रताप यादव को मिलेगा।
बताया जाता है कि मिसाल सिन्हा समय-समय पर संकटमोचक की भूमिका भी निभाते रहे हैं। ऐसे में उनकी वापसी को संगठन को मजबूत करने और विश्वसनीय टीम तैयार करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है।

