बिहार में भीषण गर्मी के बढ़ते ही बिजली व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया है। राज्य के कई जिलों में ओवरलोड, ट्रिपिंग और लोकल फॉल्ट की समस्याएं सामने आ रही हैं। इसी बीच गयाजी शहर के विभिन्न इलाकों में भी बिजली आपूर्ति बाधित होने से आम लोग परेशान दिखे। सोशल मीडिया और विभिन्न मीडिया प्लेटफॉर्म पर जनता लगातार विभाग और सरकार से सवाल पूछ रही थी।
स्थिति को गंभीरता से लेते हुए SBPDCL गया सर्किल के विद्युत अधीक्षण अभियंता ई. संदीप प्रकाश ने खुद मोर्चा संभाल लिया। देर रात तक वे विभिन्न व्हाट्सऐप ग्रुपों के माध्यम से आम लोगों से सीधे संवाद करते रहे और बिजली समस्याओं के समाधान की मॉनिटरिंग करते रहे।
बताया जा रहा है कि अधीक्षण अभियंता ने कई उपभोक्ताओं से व्यक्तिगत रूप से बात कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों व कर्मियों को तत्काल समाधान का निर्देश दिया। विभाग की टीम रातभर अलग-अलग क्षेत्रों में फॉल्ट सुधार और बिजली आपूर्ति बहाल करने में जुटी रही।
विद्युत अधीक्षण अभियंता ई. संदीप प्रकाश ने कहा कि प्रचंड गर्मी के कारण बिजली उपकरणों और मशीनरी पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिससे छोटी-मोटी तकनीकी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। हालांकि विभाग लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है और फ्यूज कॉल सेंटर के माध्यम से शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बिजली विभाग का प्रयास है कि उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिले। इसके लिए विभाग का प्रत्येक अधिकारी और कर्मी पूरी तत्परता के साथ दिन-रात काम कर रहा है।
गौरतलब है कि गर्मी बढ़ने के साथ बिजली की मांग भी रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच रही है, जिससे कई इलाकों में तकनीकी चुनौतियां बढ़ी हैं। बावजूद इसके विभाग लगातार आपूर्ति व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने में जुटा हुआ है।

