पटना साहिब में गंगा को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने को लेकर एक अनोखी पहल देखने को मिली। जहां अक्सर लोग गंगा सफाई को लेकर भाषण और पोस्टरबाजी करते नजर आते हैं, वहीं भाजपा विधायक रत्नेश कुशवाहा ने अलग अंदाज में लोगों को जागरूक करने की कोशिश की। विधायक ने सुबह गंगा घाट पहुंचकर गंगा की मिट्टी से पूरे शरीर पर लेप लगाया और लोगों को गंगा संरक्षण का संदेश दिया।
पटना साहिब के कंगन घाट पर गंगा सेवा दल समन्वय समिति द्वारा आयोजित सामूहिक गंगा स्नान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान विधायक रत्नेश कुशवाहा ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि गंगा स्नान के समय साबुन और शैम्पू का इस्तेमाल नहीं करें, क्योंकि इससे गंगा का जल प्रदूषित होता है। उन्होंने कहा कि माँ गंगा केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों के जीवन का आधार भी हैं। ऐसे में गंगा की पवित्रता और स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम के दौरान विधायक ने खुद गंगा की मिट्टी का लेप लगाकर यह संदेश देने की कोशिश की कि प्रकृति और परंपरा के साथ जुड़कर भी स्वच्छता अभियान चलाया जा सकता है।
गंगा घाट पर मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना की और इसे जागरूकता फैलाने का अनोखा तरीका बताया।इस अवसर पर राजेश शुक्ला टिल्लू सहित गंगा सेवा दल समन्वय समिति के सभी सदस्यों और पदाधिकारियों की मौजूदगी रही। विधायक ने आयोजन के लिए समिति के सभी लोगों का आभार व्यक्त किया और कहा कि गंगा को बचाने के लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना होगा।

