लव गुरु मटुकनाथ ने प्रशांत को बताया “बाघ का कलेजावाला”

पटना। बिहार की राजधानी पटना की सबसे चर्चित बाँकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। जन सुराज सुप्रीमो ने इस सीट से भाजपा के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरने का ऐलान किया है। इसी बीच “लव गुरु” के नाम से चर्चित रिटायर्ड प्रोफेसर ने फेसबुक पोस्ट के जरिए प्रशांत किशोर का खुलकर समर्थन किया है।

मटुकनाथ चौधरी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि मतदाता वोट देकर पांच वर्षों तक सो जाते हैं और नेता वादे कर सत्ता में आने के बाद जनता को भूल जाते हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रशांत किशोर और जन सुराज के सैकड़ों युवा जनता को जगाने और नेताओं से जवाब मांगने के लिए मैदान में उतर चुके हैं।

उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, “सावधान लुटेरो! बाघ का कलेजावाला तुम्हारी पीठ पर सवार हो चुका है। वादा पूरा करो या गद्दी छोड़ो।”

मटुकनाथ चौधरी ने रोजगार के मुद्दे को उठाते हुए कहा कि यदि पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार देने का दावा किया गया था, तो अब तक लाखों लोगों को रोजगार मिल जाना चाहिए था। उन्होंने सवाल किया कि आखिर युवाओं को रोजगार क्यों नहीं मिला।

उन्होंने आगे लिखा कि अब जनता की आंखों में धूल झोंकना आसान नहीं होगा। पहले जनता नायक और मार्गदर्शक विहीन थी, लेकिन प्रशांत किशोर के आने से यह स्थिति बदल गई है।

मटुकनाथ चौधरी ने बाँकीपुर के युवाओं से खास अपील करते हुए प्रशांत किशोर के पक्ष में मतदान करने की बात कही। गौरतलब है कि इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान भी उन्होंने प्रशांत किशोर के समर्थन में सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था।